सुबह का वक्त है. हल्की धूप फैल रही है. सामने नजर आता है एक सफेद सा समंदर, जिसमें ऊंची-ऊंची इमारतें किसी टापू की तरह उभरी हुई दिखती हैं. पहली नजर में यह दृश्य बेहद सुकून देने वाला लगता है, जैसे कोई पहाड़ी इलाका हो या बादलों से ढकी कोई शांत वादी. लेकिन कुछ ही पलों में जब इस नजारे की सच्चाई समझ आती है, तो यह खूबसूरती डर में बदल जाती है. दरअसल, यह बादल नहीं बल्कि एनसीआर की हवा में फैला जहरीला स्मॉग है, जिसने पूरे इलाके को अपनी गिरफ्त में ले लिया है.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा यह वीडियो एनसीआर के बढ़ते वायु प्रदूषण की एक डरावनी तस्वीर पेश करता है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी रिहायशी फ्लैट की करीब दसवीं मंजिल से रिकॉर्ड किया गया है. ऊपर से देखने पर नीचे की दुनिया पूरी तरह गायब नजर आती है. सड़कें, गाड़ियां, पेड़-पौधे, आसपास की इमारतें, सब कुछ धुएं की मोटी परत में ढका हुआ है. ऐसा लगता है मानो शहर जमीन पर नहीं बल्कि किसी सफेद धुंध के समुद्र में तैर रहा हो.
