मालदा (पश्चिम बंगाल) : पश्चिम बंगाल दौरे के क्रम में मालदा रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- यहां बदलाव की जरूरत है, लोगों को प्रदेश में बीजेपी की सरकार चाहिए. मोदी ने कहा- मैं प्रदेश के लोगों की वास्तविक बदलाव की तीव्र इच्छा को महसूस कर सकता हूं. पश्चिम बंगाल का विकास तभी होगा जब तृणमूल कांग्रेस सरकार पराजित होगी और भाजपा सत्ता में आएगी।
उन्होंने कहा, बीजेपी ने पूर्वी भारतीय राज्यों को नफरत की राजनीति से मुक्त कराया. भारत की जनता, विशेषकर जेनरेशन जेड ने बीजेपी के विकास मॉडल पर भरोसा जताया है।
पीएम मोदी ने कहा, पश्चिम बंगाल के विकास में मालदा जिले की महत्वपूर्ण भूमिका है. पश्चिम बंगाल भाजपा शासित राज्यों से घिरा हुआ है, जिनका सुशासन का अच्छा रिकॉर्ड है. बिहार में राजग की जीत के बाद, अब पश्चिम बंगाल की बारी है. बदलाव की जरूरत है, भाजपा सरकार चाहिए।
उन्होंने कहा, भारत की जनता, विशेषकर जेनरेशन जेड, ने भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसा जताया है।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 3,250 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की शुरुआत की. प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के बीच ‘कनेक्टिविटी’ को मजबूत बनाने और विकास को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को यहां 3,250 करोड़ रुपये से ज्यादा की रेल और सड़क परियोजनाओं की शुरुआत की।
पीएम मोदी ने इस अवसर पर चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाई. ये ट्रेनें न्यू जलपाईगुड़ी को नागरकोइल और तिरुचिरापल्ली और अलीपुरद्वार को एसएमवीटी बेंगलुरू और मुंबई (पनवेल) से जोड़ेंगी।
इसके अलावा, पीएम मोदी ने राज्य में चार प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी, जिनमें बालुरघाट से हिली तक नयी रेल लाइन, न्यू जलपाईगुड़ी में माल ढुलाई संबंधी आधुनिक केंद्र, सिलीगुड़ी लोको शेड का उन्नयन और जलपाईगुड़ी जिले में वंदे भारत ट्रेन रखरखाव सुविधाओं के आधुनिकीकरण से जुड़ीं परियोजनाएं शामिल हैं।
मोदी ने मालदा रैली में कहा, ‘‘निर्दयी, क्रूर तृणमूल सरकार’’ जनता के पैसे की लूट कर रही है और पश्चिम बंगाल के लोगों तक केंद्रीय सहायता पहुंचने से रोक रही है. टीएमसी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की गुंडागर्दी और धमकी भरी राजनीति जल्द ही समाप्त होगी. मालदा, मुर्शिदाबाद और पश्चिम बंगाल के अन्य हिस्सों में घुसपैठ के कारण दंगे हो रहे हैं।
घुसपैठ को लेकर पीएम ने कहा कि पश्चिम बंगाल की सबसे बड़ी चुनौती घुसपैठ है. तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में घुसपैठ खत्म करने के लिए कभी कदम नहीं उठाएगी. उन्होंने कहा, दुनिया में कई विकसित और समृद्ध देश हैं जिनके पास धन की कोई कमी नहीं है, फिर भी वे घुसपैठियों को बाहर निकाल रहे हैं. पश्चिम बंगाल से घुसपैठियों को निकालना भी उतना ही आवश्यक है।
हाल की हिंसा की घटनाओं को इस मुद्दे से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि मालदा और मुर्शिदाबाद समेत राज्य के कई हिस्सों में घुसपैठ के कारण दंगे भड़के हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की सिंडिकेट प्रणाली घुसपैठियों को पश्चिम बंगाल में बसाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है, जिससे कई क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय परिवर्तन हो रहे हैं. प्रधानमंत्री ने राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मतुआ समुदाय को भी आश्वस्त करने का प्रयास किया, जो धार्मिक उत्पीड़न का सामना करने के बाद पड़ोसी देश बांग्लादेश से भारत में आकर बस गए थे।
मोदी ने कहा, केंद्र ने पश्चिम बंगाल को 40 बार बाढ़ राहत कोष दिया, लेकिन पीड़ितों को वह नहीं मिला. इसके अलावा धर्म के आधार पर उत्पीड़न के कारण भारत में शरण लेने वाले मतुआ जैसे शरणार्थियों को आश्वस्त करता हूं कि उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
