सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो जबरदस्त चर्चा में है, जिसे देखकर लोग पहली नजर में तय ही नहीं कर पा रहे कि यह किसी शादी का फंक्शन है या किसी हाई-एंड स्पा कैफे का सीन. वीडियो में जो नजारा दिखता है, वह आम शादियों की तस्वीर से बिल्कुल अलग है. सजे-धजे माहौल में मेहमान आरामदायक सोफों पर बैठे हैं, पैरों को आगे फैलाए हुए, और सामने यूनिफॉर्म पहने स्टाफ बड़े सलीके से उन्हें फुट मसाज दे रहा है. चारों तरफ शानदार लाइटिंग है, खूबसूरत डेकोरेशन है और माहौल पूरी तरह शादी वाला, लेकिन कैमरे का पूरा फोकस मेहमानों के पैरों और उनके सुकून भरे एक्सप्रेशन्स पर है.
आमतौर पर शादियों में मेहमानों को बुफे काउंटर के पास प्लेट लेकर लाइन में खड़ा देखा जाता है. कहीं भीड़, कहीं अफरातफरी और कहीं कुर्सी न मिलने की शिकायत. लेकिन इस वायरल वीडियो में नजारा बिल्कुल उल्टा है. यहां मेहमान पहले रिलैक्स कर रहे हैं, जैसे किसी लग्जरी स्पा में पहुंचे हों. ऐसा लग रहा है कि खाना बाद में आएगा, पहले थोड़ी थकान उतार ली जाए. शायद यही सोचकर लोग मुस्कुरा भी रहे हैं कि जब पैर इतने आराम में होंगे, तो खाने का मजा भी दोगुना हो जाएगा.
