सिडकुल क्षेत्र में यूपीसीएल के ठेकेदार ने अपने ही कर्मचारी पर गोदाम से कीमती सामान चोरी करने का आरोप लगाया है. सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है. आरोप है कि भरोसा तोड़कर बुढ़ाना मुजफ्फरनगर निवासी सन्नी कुमार ने आठ लाख की चोरी की और फरार हो गया. उधर, एक अन्य मामले में कनखल थाना क्षेत्र में ही दो चोर हाथों में लोहे की रॉड और डंडा लेकर पहुंचे. सीसीटीवी से बचने के लिए ही चोरों को बांस का आइडिया सूझा. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है.
ज्वालापुर आर्यनगर निवासी सक्षम चौधरी पुत्र मेमपाल चौधरी ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह यूपीसीएल में ठेकेदारी करता है. सक्षम के अनुसार उसने विद्युत उपकरणों की सुरक्षा व रखरखाव के लिए नवोदय नगर स्थित अपने गोदाम में सन्नी कुमार निवासी ग्राम हाडोली, थाना मीरा कलां, तहसील बुढ़ाना, जिला मुजफ्फरनगर को कर्मचारी के रूप में तैनात कर रखा था. गोदाम की चाभी और पूरे परिसर की जिम्मेदारी उसी के पास थी.
सक्षम के अनुसार बीती 13 दिसंबर को जब वो गोदाम पहुंचे, तो वहां से दो ट्रांसफार्मर और एक टर्निंग टेबल गायब मिले. गोदाम के आसपास और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की गई, लेकिन न तो कर्मचारी सन्नी कुमार का कोई पता चल सका और न ही चोरी गए सामान का. इसके बाद ठेकेदार ने मामले की सूचना पुलिस को दी. ठेकेदार ने आशंका जताई है कि कर्मचारी ने ही सुनियोजित तरीके से गोदाम से सामान बाहर निकालकर बेच दिया और फरार हो गया.
कनखल थाना स्थित गणेश विहार कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया. चोर अपने इरादों में कामयाब तो नहीं हो पाए, लेकिन उनकी यह करतूत पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. चोरी के असफल प्रयास का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में दो शातिर चोर गली में घुसते हैं. चोरों ने ताला तोड़ने के लिए हाथों में लोहे की रॉड भी ली हुई थी.
सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए करीब 20 फीट लंबा बांस का डंडा भी साथ लेकर आए थे. आते ही चोरों ने सबसे पहले मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को बांस के डंडे से घुमा दिया. फिर लोहे की रॉड से मकान का लॉक खोलने का प्रयास किया. दोनों चोरों ने मास्क से अपने चेहरों को ढका हुआ था. काफी देर तक दोनों गेट का लॉक खोलने का प्रयास करते रहे, लेकिन कामयाब नहीं हो सके. सिडकुल थाना प्रभारी मनोहर रावत ने बताया कि मकान मालिक कहीं बाहर गए हुए थे. वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
